दल्ली राजहरा से अंकित तटीय की रिपोर्ट
दल्ली राजहरा के वार्ड क्रमांक 13 में शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे नया वाटर फिल्टर हाउस के चौकीदार डोमार सिंह पटेल पर चार अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। वारदात उस समय हुई जब वह खाना खाकर ड्यूटी पर लौट रहे थे। युवकों ने पैसे मांगते हुए जेब में हाथ डालने की कोशिश की, विरोध करने पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पटेल की बांह पर गंभीर चोट आई है।
मोहल्लेवासियों के दौड़ाने पर आरोपी स्कूटी व बाइक से भाग निकले, लेकिन भागते समय उनका नंबर प्लेट गिर गया, जिसे पुलिस को सौंपा गया। घायल को नजदीकी शहीद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब भट्ठी मार्ग पर आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, बावजूद इसके पुलिस गश्त नाममात्र की है। इस घटना से वार्डवासियों में गुस्सा और डर दोनों है। पूर्व पार्षद विजय भान सिंह ने मांग की है कि या तो इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए या फिर शराब भट्ठी को वार्ड से हटाया जाए।
सवाल यह है कि क्या वार्ड 13 में कानून-व्यवस्था केवल कागजों में चल रही है? लगातार घटनाओं के बावजूद पुलिस की “तैनाती” सिर्फ दिखावा साबित हो रही है। लोग तंज कस रहे हैं – “गश्त की गाड़ी दिखती है, लेकिन अपराधी वार्ड में राज करते हैं।”
वार्ड 13 की जनता अब प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और ठोस कदम उठाने की मांग कर रही है।
दल्ली राजहरा: चौकीदार पर हमला, वार्ड 13 में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल








