Buy Advt. Space

तेज़ रफ़्तार का कहर: दो अलग-अलग हादसों में 9 गौवंश की दर्दनाक मौत, एक चालक गिरफ्तार – दूसरा अब भी फरार

By



बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रफ़्तार के कहर ने एक बार फिर मासूम बेजुबानों की जान ले ली। सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 9 गौवंश की मौके पर मौत हो गई। घटनाओं के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।

देर रात हाईवा ने रौंदी ज़िंदगियां


बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक तेज रफ्तार हाईवा ने सड़क पर बैठे मवेशियों को बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 5 गौवंश की मौके पर ही मौत हो गई। चालक घटना के बाद फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।

सुबह फिर दोहराया गया खून-खराबा


रात के हादसे का दर्द अभी थमा भी नहीं था कि सोमवार सुबह बालोद-झलमला मुख्य मार्ग पर एक और हादसे ने सभी को झकझोर दिया। एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे बैठे 4 गौवंश को कुचल दिया, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक इस बार भी मौके से फरार होने में सफल रहा।

सिर्फ कागजों में सक्रिय प्रशासन


ग्रामीणों का आरोप है कि जिला प्रशासन सिर्फ कागज़ों में सक्रिय है। हादसों के बाद हमेशा की तरह गौ-मालिकों पर कार्रवाई की बातें की जाती हैं, लेकिन सड़कों से आवारा मवेशियों को हटाने या दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस कदम ज़मीनी स्तर पर नहीं उठाया जा रहा।

लोगों का कहना है कि अगर प्रशासन ने समय रहते ठोस और प्रभावी कार्रवाई की होती, तो शायद इन 9 बेजुबानों की जान बचाई जा सकती थी।

Leave a Comment