Buy Advt. Space

जालबांधा (शेरगढ़) में दूषित जल से डायरिया फैलने का खतरा, स्वास्थ्य विभाग ने की त्वरित कार्रवाई

By


रवि गहने जालबांधा (शेरगढ़)। ग्राम जालबांधा (शेरगढ़) में पीएचई विभाग की नल-जल योजना की पाइप लाइन कटकर खुले में पड़ी होने से बरसात और गंदा पानी पाइपलाइन में जाने लगा, जिससे ग्रामीणों के बीमार पड़ने की स्थिति बन गई।

इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पीएचसी जालबांधा के चिकित्सा अधिकारी डॉ. मो. असलम, सेक्टर सुपरवाइजर पी.डी. जोशी, डी.पी. कोसरिया, स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं RHO ने शेरगढ़ उप-स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर डायरिया पीड़ितों का हालचाल जाना। साथ ही गांव में जल आपूर्ति की जांच की गई और पाइपलाइन दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य टीम ने ग्राम सरपंच से भी मुलाकात कर गांव में गंदे पानी की निकासी व्यवस्था सुधारने तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया। ग्रामीणों को ताजा भोजन करने और पीने के पानी को उबालकर सेवन करने के लिए मुनादी करने की भी सलाह दी गई।

फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन विभाग ने स्पष्ट किया है कि गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाने की सख्त जरूरत है, ताकि लोगों को आवश्यक उपचार और जागरूकता दोनों मिल सके और बीमारी के फैलाव को रोका जा सके।

Leave a Comment