रवि गहने खैरागढ़/जालबांधा। जालबांधा बाजार चौक में एक माह पहले हुई बाइक चोरी की घटना अब भी अनसुलझी है। 8 अगस्त की रात अनाज व्यापारी विनोद चौपड़ा की दुकान के सामने खड़ी बाइक (CG 08 AA 3466) को दो नकाबपोश चोर चोरी कर फरार हो गए थे। पीड़ित व्यापारी ने तत्काल पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, इसके बावजूद चोरी हुई बाइक अब तक बरामद नहीं हो सकी और न ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ पाए हैं। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत
एक माह बीत जाने के बाद भी नतीजा न निकलने पर जालबांधा के ग्रामीणों ने पुलिस के प्रति रोष जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर अपराधियों को इतनी आसानी से पुलिस पकड़ नहीं पाती, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। इस लापरवाही से गांव में दहशत का माहौल है।
सवालिया निशान
सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद चोरों तक पुलिस क्यों नहीं पहुंच सकी?
क्या पुलिस की निष्क्रियता अपराधियों को खुली छूट दे रही है?
ग्रामीणों की मांग है कि चोरी की घटना का जल्द से जल्द पर्दाफाश कर दोषियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों का पुलिस पर भरोसा कायम रह सके।
जालबांधा में बाइक चोरी का मामला : एक माह बाद भी पुलिस के हाथ खाली








