कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला चिकित्सालय कोंडागांव में जीवन दीप समिति कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने जिला अस्पताल के भवन, मानव संसाधन एवं चिकित्सकीय उपकरणों सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की और उन्हें दुरूस्त करने पर जोर देते हुए नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा। कलेक्टर ने अस्पताल के मुख्य भवन एवं मातृ शिशु चिकित्सालय भवन के मरम्मत कार्य के सम्बन्ध में सीजीएमएससी, आरईएस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला चिकित्सालय अस्पताल के विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गयी। पिछले वित्तीय वर्ष में कायाकल्प एवं राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत स्टाफ की प्रोत्साहन राशि वितरित किये जाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अस्पताल को सुचारु रूप से संचालन करने के सम्बन्ध में चर्चा की गई।बैठक के पश्चात कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय एवं मातृ शिशु अस्पताल में चल रहे मरम्मत कार्यों को देखा और संबंधित निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ कार्य में प्रगति लाने हेतु निर्देशित किया। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर, मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी, सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रेम मंडावी एवं अस्पताल के सभी स्टाफ उपस्थित थे।








