गरियाबंद छुरा ब्लॉक से पीतेश्वर हरपाल की रिपोर्ट
प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक भट्टर करेंगे कुपोषित बच्चों का निःशुल्क उपचार
गरियाबंद ! जिले के कुपोषित बच्चों के समग्र स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार हेतु एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। 27 जुलाई को छुरा के सांस्कृतिक भवन में मेगा हेल्थ शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राजधानी रायपुर स्थित बाल गोपाल चिल्ड्रन हॉस्पिटल के वरिष्ठ एवं ख्यातिप्राप्त शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक भट्टर अपनी टीम के साथ मौजूद रहेंगे।
इस शिविर में जिले के गंभीर व मध्यम श्रेणी के कुपोषित बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया जाएगा। शिविर में विशेषज्ञों द्वारा बच्चों को आवश्यक पोषण एवं चिकित्सा संबंधी सलाह भी दी जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में कुपोषण उन्मूलन को लेकर प्रशासन पूरी संजीदगी से कार्य कर रहा है। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, समाजसेवी संस्थाओं, व्यापारी संघों समेत जागरूक नागरिकों द्वारा कुपोषित बच्चों को “गोद लेने की पहल” भी की जा रही है। इसका उद्देश्य यह है कि जिले में कोई भी बच्चा कुपोषण की चपेट में न आए।
इससे पहले 25 जुलाई को गरियाबंद में मेगा हेल्थ शिविर का सफल आयोजन किया गया था। उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब 27 जुलाई को छुरा में यह शिविर आयोजित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने सभी पालकों से अपील की है कि वे अपने कुपोषित बच्चों को इस शिविर में लेकर आएं और विशेषज्ञ डॉक्टरों से स्वास्थ्य परीक्षण एवं इलाज कराएं। यह शिविर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
छुरा में 27 जुलाई को लगेगा मेगा हेल्थ कैंप








