रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून फिर कहर बरपाने वाला है। राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बस्तर और सुकमा से बाढ़ की भयावह तस्वीरें सामने आई हैं, वहीं नारायणपुर के अबूझमाड़ इलाके में हालात और बिगड़ गए हैं। पिछले 24 घंटों में बस्तर संभाग के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई, जिससे कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया और निचले इलाकों में पानी भर गया है। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने 29 और 30 अगस्त को पूरे प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी दी है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, बस्तर, कांकेर, कोंडागांव, सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यहां रुक-रुक कर बारिश जारी है।
बिजली गिरने और तूफान का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में बारिश के साथ वज्रपात और तेज आंधी-तूफान की संभावना है। विभाग ने नागरिकों को सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि खराब मौसम में लोग घरों से बाहर न निकलें। सफर के दौरान खुली जगह या पेड़ के नीचे रुकने से बचें।
जनजीवन पर असर
लगातार बारिश से बस्तर संभाग में बाढ़ जैसे हालात हैं। कई ग्रामीण इलाकों में पानी भर चुका है और सामान्य जीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। राहत और बचाव दल सक्रिय हैं, लेकिन स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है।
छत्तीसगढ़ में 29-30 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट, कई जिले बाढ़ की चपेट में








