कोण्डागांव ! “हर घर तिरंगा” राष्ट्रीय अभियान की भावना के अनुरूप ग्राम चिचाड़ी (विकासखंड बड़े राजपुर, जिला कोण्डागांव) में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (च्भ्म्क्), कोण्डागांव द्वारा एक प्रेरक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को राष्ट्र के विकास के लिए अनिवार्य बताया गया है, और इसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने बड़े उत्साह और जिम्मेदारी के साथ इसमें भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभाव, गांव की साफ-सफाई की अहमियत, और जल स्रोतों के संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा हुई। उपस्थित सभी लोगों ने यह प्रण लिया कि वे गांव को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाएंगे, जल संसाधनों की रक्षा करेंगे, और अधिक से अधिक लोगों को इन प्रयासों से जोड़ेंगे। गतिविधियों के अंतर्गत ग्रामीणों ने मिलकर पंचायत भवन, स्कूल और ओवरहेड टैंक के आसपास सफाई अभियान चलाया।
इसके साथ ही वृक्षारोपण कर हरित वातावरण का संदेश दिया गया। दिन के अंत में एक जागरूकता रैली भी आयोजित की गई, जिसमें ग्रामीणों ने नारे और संदेशों के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का आह्वान किया। इस अवसर पर ग्राम सरपंच श्रीमती लोकेश्वरी चंद्रवंशी ने कहा, “गांव की स्वच्छता और हरियाली सिर्फ आज के लिए नहीं, बल्कि आने वाले कल की सुरक्षा है। यदि हम सब मिलकर प्रयास करें तो हमारा गांव स्वच्छ, सुंदर और जल-संपन्न बनकर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक उदाहरण बन सकता है।” इस आयोजन को सफल बनाने में जल जीवन मिशन, कोण्डागांव से सुहानी बक्शी, हेमलता यादव और मितलेश साहू उपस्थित रहे।








