Buy Advt. Space

गरियाबंद: खरीफ सिंचाई के लिए नहर से पानी, बेलर में अवरोध – कार्रवाई शुरू

By

पितेश्वर हरपाल गरियाबंद ! खरीफ सीजन में फसलों की सिंचाई को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने नहरों के माध्यम से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के पालन में जल संसाधन विभाग ने फिंगेश्वर वितरक शाखा नहर से अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की पहल की है।

कार्यपालन अभियंता श्री एस.के. बर्मन के मार्गदर्शन और उप अभियंता विकास ध्रुव, दुर्गेश सोनकर तथा सहायक अभियंता श्री प्रतिक पटेरिया सहित पूरी टीम के सहयोग से पाली, पेंड्रा, रोबा और सिर्रीकला जैसे गांवों तक सफलतापूर्वक सिंचाई का पानी पहुंचाया जा रहा है। छुरा एसडीओ श्री युवराम सिन्हा और पाण्डुका एसडीओ श्री पांडोरिया भी लगातार निगरानी रखे हुए हैं।

इसी बीच ग्राम बेलर में एक ग्रामीण तीरथराम साहू ने निजी स्वार्थवश जेसीबी लगाकर नहर को आर.डी. 20340 मीटर पर काट दिया, जिससे पानी की आपूर्ति बाधित हुई और शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा बार-बार समझाइश देने के बावजूद ऐसी हरकत की गई, जिससे अन्य किसानों को सिंचाई में परेशानी का सामना करना पड़ा।

विभाग ने इस कृत्य को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सिंचाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार का अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Comment