रवि गहने खैरागढ़-जालबांधा। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल, जालबांधा में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने परीक्षा केंद्र और प्रयोगशाला का ताला तोड़कर लैपटॉप और ₹20,000 नगद चोरी कर लिए।


सुबह सफाई कर्मी ने पीछे के गेट का ताला खोलने की कोशिश की, तो पाया कि दरवाजा पहले से खुला था। इस पर उसने तुरंत संकुल समन्वयक मधुर सिंह राजपूत को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस चौकी जालबांधा को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच में पाया कि जिस गेट से चोर अंदर घुसे, उसमें ताला नहीं लगा था। अंदर प्रवेश कर उन्होंने सीधे ऊपर स्थित परीक्षा केंद्र और प्रयोगशाला में तोड़फोड़ की, आलमारी का ताला तोड़कर एक बैग में लैपटॉप और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरों ने रजिस्टर बुक और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल ग्राउंड की नीची दीवार के कारण चोरों को अंदर आने में आसानी हुई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।








