बालोद जिले से अंकित टाटिया की रिपोर्ट
बालोद/डोंडी। डोंडी ब्लॉक के ग्राम कारुटोला सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने शुक्रवार को खाद की भारी कमी को लेकर एसडीएम कार्यालय का रुख किया। किसान नेता व वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद बसंत जैन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम ज्ञापन सौंपते हुए खाद की शीघ्र आपूर्ति की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में पथराटोला और खामरटोला के सरपंच सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे। किसानों ने बताया कि बारिश का समय शुरू हो चुका है और खेतों की तैयारी भी पूरी हो गई है, लेकिन खाद उपलब्ध नहीं होने से बोवनी में देरी हो रही है, जिससे फसल प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द खाद की व्यवस्था कर उन्हें राहत दी जाए, ताकि खेती का कार्य समय पर पूरा हो सके।
खाद की कमी से परेशान ग्रामीणों ने SDM कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन, सीएम के नाम उठाई मांग








