भिलाई। इस्पात नगरी भिलाई के स्टील क्लब में रविवार, 5 अक्टूबर 2025 को सामाजिक संस्था कॉन्टेक्ट – कनेक्ट टू एक्ट का 15वां वार्षिक रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शिविर में कुल 105 यूनिट रक्तदान किया गया, जिसमें पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
भिलाई इस्पात संयंत्र बिरादरी के सदस्यों द्वारा संचालित संस्था कॉन्टेक्ट हर वर्ष गांधी जयंती के बाद आने वाले रविवार को इस रक्तदान शिविर का आयोजन करती है।
इस अवसर पर दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रीति पंसारी द्वारा दंत परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें अनेक लोगों ने लाभ लिया। वहीं, बच्चों के लिए विभिन्न वर्गों में ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता भी रखी गई, जिसके अंत में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।
रक्तदान शिविर में हीमोग्लोबिन और रक्तचाप जांच के साथ-साथ डाइट संबंधी परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई थी। हमेशा की तरह इस वर्ष भी रेड क्रॉस ब्लड बैंक ने रक्त संकलन में सहयोगी की भूमिका निभाई।
शिविर के सफल आयोजन में स्टील क्लब, सिमर और अन्य संस्थानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
संस्था के अध्यक्ष संदीप झा ने शिविर में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों, रेड क्रॉस ब्लड बैंक, चिकित्सकों और स्टील क्लब प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि
“रक्तदान महादान है, और कॉन्टेक्ट संस्था का उद्देश्य समाज में इस भावना को निरंतर प्रोत्साहित करना है।”








