Buy Advt. Space

केशकाल शहर की जर्जर सड़क का जायजा लेने पहुंची अधिवक्ताओं की टीम

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

शहर में पैदल भ्रमण करते हुए नगरवासियों से बातचीत कर सुनी समस्याएं

केशकाल:- केशकाल शहर की जर्जर सड़क के कारण आम जनता को हो रही परेशानियों को देखते हुए बीते दिनों जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सड़क की वस्तुस्थिति की जानकारी हेतु कोंडागांव से अधिवक्ताओं की एक जांच टीम गठित कर विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। जिसके परिपालन में शुक्रवार को अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपक ठाकुर, गोपाल दीक्षित के साथ पीडब्ल्यूडी एवं राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम केशकाल पहुंची। इस दौरान उन्होंने जनपद पंचायत से पंचवटी तक पैदल नगर का भ्रमण कर सड़क की वस्तुस्थिति का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय नगरवासियों, दुकानदारों एवं राहगीरों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुनते हए एक विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की गई है।

न्यायालय को जांच रिपोर्ट सौंपेगी टीम-

इस सम्बंध में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपक ठाकुर ने बताया कि माननीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार हमने केशकाल शहर की सड़क का जायजा लिया। कई प्रकार की खामियां पाई गई जिसमें मुख्यतः जाम पड़ी नालियां, पानी के निकासी की व्यवस्था, चौड़ीकरण, नालियों पर बनी दुकानें आदि शामिल हैं। इन समस्याओं पर जिला प्रशासन को संज्ञान लेना चाहिए था लेकिन उन्होंने नहीं लिया। ऐसे में हमें यहां आना पड़ा है, हम एक विस्तृत रिपोर्ट बनाकर न्यायालय को सौंपेंगे। उम्मीद है न्यायालय द्वारा संज्ञान लेने पर जल्द ही इसका समाधान होगा।

जिला प्रशासन ने की न्यायालय के आदेश की अव्हेलना-

जांच टीम के सदस्य अधिवक्ता गोपाल दीक्षित ने बताया कि न्यायालय ने जिला प्रशासन को पत्र लिख कर जवाब मांगा था। लेकिन जिला प्रशासन इतना सुस्त है कि उन्होंने न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर दी। इसलिए आज हमारी टीम ने केशकाल आकर जनपद पंचायत से पंचवटी तक कि सड़क का जायजा लिया है। सड़क पर इतनी धूल उड़ रही है इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। लोगों ने चर्चा में बताया कि स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्हें आए दिन रायपुर जाना पड़ रहा है। इस सड़क के सुधार के लिए स्थानीय प्रशासन, एनएच विभाग के साथ साथ नगरवासियों को भी जागरूकता दिखाते हुए सहयोग करने की आवश्यकता है।

जिला प्रशासन के सुस्त रवैये पर वकीलों ने जताई नाराजगी

अधिवक्ता दुर्गेश जोशी व महेश बघेल ने बताया कि केशकाल की जर्जर सड़क के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। बीते दिन गड्ढों के कारण बाइक से गिर गई उस महिला के हाथ पर ट्रक का पहिया चढ़ गया था। चूंकि हम प्रतिदिन मोटरसाइकिल से न्यायालय आना जाना करते हैं। न्यायालय पहुंचते तक शरीर धूल से सराबोर हो जाता है, कपड़े गंदे हो जाते हैं। यहां प्रशासन और जनप्रतिनिधि इतने सुस्त हैं कि उन्हें कोई फर्क ही नहीं पड़ता। यही कारण है कि न्यायालय को हस्तक्षेप करने की नौबत आई है।

नगरवासियों ने की सड़क चौड़ीकरण की मांग-

स्थानीय कुंजबिहारी पटेला ने बताया कि रायपुर से जगदलपुर तक केवल केशकाल की सड़क है जहां इतनी अव्यवस्थाएं हैं। केशकाल में भी स्थायी व्यवस्था करने के लिए सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता है। पिछले 2 दशक से हम सुनते आ रहे हैं कि केशकाल की सड़क का चौड़ीकरण होगा। अधिकारी आते हैं, नाप जोख कर के चले जाते हैं लेकिन चौड़ीकरण के लिए आगे कार्यवाही नहीं होती।

कब होगा स्थायी निराकरण-

बहरहाल न्यायालय के आदेश पर अधिवक्ताओं की टीम ने धूल फांकते हुए शहर की सड़क का निरीक्षण तो कर लिया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जांच रिपोर्ट न्यायाधीश को सौंपेंगे। अब देखना होगा कि क्या न्यायालय के द्वारा संज्ञान में लिए जाने के बाद शहर के सड़क की स्थिति में कुछ व्यापक बदलाव होता है या फिर यही स्थिति बनी रहेगी यह जनचर्चा का विषय बना हुआ है।

ये रहे मौजूद-

दौरान अधिवक्ता दुर्गेश जोशी, महेश बघेल, गजेंद्र ठाकुर, सरस्वती सेठिया, उमा मानिकपुरी, केशव ठाकुर, ब्रिज कुमेटी आदि मौजूद रहे।

Leave a Comment