कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोंडागांव ! केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला अधिकारियों की बैठक लेकर विधानसभा क्षेत्र में जारी निर्माण कार्यों तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध एवं बेहतर ढंग से करें जिससे योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे और उनका विकास हो। साथ ही निर्माण कार्यों में प्रगति लाते हुए समय पर पूर्ण करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने अधोसंरचना विकास14 के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे अन्य बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया। इस बैठक में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई एवं अन्य जिला स्तर अधिकारी उपस्थित रहे।
विधायक ने धान खरीदी सीजन की तैयारी की जानकारी लेते हुए बारदाना उपलब्धता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के क्रियान्वयन की स्थिति जानी और बाजारों में उपलब्ध बीजों की गुणवत्ता का नियमित निरीक्षण करने के लिए कहा। साथ ही रबी फसल की तैयारी की भी जानकारी ली।
उन्होंने केशकाल विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा और लीड बैंक मैनेजर को बैंकों में लंबित ऋण स्वीकृति के प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए विधायक ने स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने धनोरा में निर्माणाधीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के कार्यों की प्रगति की जानकारी लेकर इसे जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान विधायक ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र भावी पीढ़ी के निर्माण की आधारशिला हैं, इसलिए सभी केंद्रों में पेयजल, शौचालय एवं विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रमुख बाजारों में भी पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था सुदृढ़ करने को कहा।कन्या छात्रावासों और आश्रमों में सीसीटीवी, महिला सुरक्षा गार्ड सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके साथ ही विधायक ने केशकाल सड़क मार्ग के निर्माण कार्य को शीघ्र आरंभ करने, जामगांव में विद्युत उप केंद्र स्थापना की प्रगति, रायपुर विशाखापत्तनम मार्ग में टनल निर्माण की प्रगति, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन के कार्यों के प्रगति सहित केशकाल विधानसभा अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों और शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी, केशकाल और फरसगांव एसडीएम और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अधिकारीगण उपस्थित थे।








