Buy Advt. Space

केशकाल में पीएमएफएमई योजना अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला संपन्नमहिला स्व सहायता समूहों और पंचायत प्रतिनिधियों को खाद्य उद्योग स्थापना की मिली जानकारी

By

कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट

केशकाल ! प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के तहत जनपद पंचायत केशकाल में आज एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर सूक्ष्म खाद्य उद्योगों की स्थापना, विस्तार और उनके माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण की संभावनाओं को उजागर करना था।प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना केंद्र सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल है, जिसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे और सूक्ष्म स्तर पर खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को प्रोत्साहित किया जाता है।

इस योजना के माध्यम से महिला स्व सहायता समूहों, व्यक्तिगत उद्यमियों और किसान उत्पादक संगठनों को वित्तीय सहायता, तकनीकी प्रशिक्षण और विपणन सहयोग उपलब्ध कराया जाता है। कार्यशाला में प्रतिभागियों को विस्तार से बताया गया कि कैसे वे इस योजना का लाभ लेकर अपने गाँवों में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित कर सकते हैं और अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुँचा सकते हैं।कार्यशाला में केशकाल ब्लॉक की महिला स्व सहायता समूहों की सदस्याएं, ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि और स्थानीय उद्यमी बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रतिभागियों को न केवल योजना की शर्तों और लाभों के बारे में बताया गया, बल्कि सफल उदाहरणों के माध्यम से यह समझाया गया कि कैसे छोटे स्तर पर शुरू किया गया उद्योग आजीविका का स्थायी साधन बन सकता है।

कार्यक्रम का संचालन जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कोंडागांव की प्रबंधक श्रीमती कुसुमलता नेताम और सहायक प्रबंधक श्रीमती नम्रता एल्मा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक केशकाल शाखा प्रबंधक श्री जीवन हेवरम ने प्रतिभागियों को बैंकिंग सुविधाओं और ऋण प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।साथ ही जनपद पंचायत केशकाल के डीईओ श्री एल.के. कावड़े और एटीओ श्री आर.एन. नाग ने पंचायत स्तर पर उद्योग स्थापना की संभावनाओं और प्रक्रियाओं को विस्तार से बताया। कार्यक्रम में श्री प्रकाश शोरी, श्री अक्षत श्रीवास्तव और डीआरपी श्री नईम विरानी की भी विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने योजना के विभिन्न तकनीकी और क्रियात्मक पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।

Leave a Comment