गरियाबंद से नूतन साहू की रिपोर्ट
पीएम जनमन के तहत सड़क, शासकीय निर्माण कार्य एवं देवभोग स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
निर्माण कार्यों में तेजी लाने एवं स्वास्थ्य केंद्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश
गरियाबंद ! जिले के नवनियुक्त कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने जिले में नियुक्ति के पश्चात आज प्रथम प्रवास के तहत देवभोग क्षेत्र का सघन दौरा किया। उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न जगहों में पहुंचकर शासकीय निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही देवभोग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भी पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान कलेक्टर श्री उइके ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत कमार बसाहट को पक्की सड़क से जोड़ने डुमाघाट से चिटकीमुड़ा तक बन रहे 3.8 किलोमीटर सड़क का निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्माणाधीन सड़क में पीएमजीएसवाई विभाग द्वारा गुणवत्ता परीक्षण के लिए किए जा रहे स्ट्रैंथ टेस्ट का अवलोकन किया। कलेक्टर ने सड़क निर्माण के कार्यों को समय सीमा में तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों में अच्छे क्वालिटी के सामग्रियों का उपयोग करने को भी कहा।
कलेक्टर ने इस दौरान आसपास के ग्रामीणों से भी चर्चा की। उन्होंने गांव में उपलब्ध बिजली, पानी एवं मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। तत्पश्चात कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग अंतर्गत मदांगमुडा से देवभोग तक डामरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कुछ बचे हुए कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने धौराकोट पहुंचकर समाधान शिविर आयोजित होने वाले स्थल का भी अवलोकन किया।
उन्होंने छायेदार जगह को शिविर के लिए चिन्हांकित कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने देवभोग में निर्माणाधीन एसडीएम, तहसील कार्यालय एवं न्यायालय परिसर का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में प्रगति लाते हुए तेजी से कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्री नवीन भगत, एसडीएम श्री तुलसीदास मरकाम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।








