कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोण्डागांव ! साप्ताहिक जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने आज जिला मुख्यालय के सभा कक्ष से एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केशकाल और बड़ेराजपुर विकासखंड के ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने जनदर्शन में पहुंचे आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता के साथ सुनी और संबंधित अधिकारियों को उनके आवेदनों पर त्वरित निराकरण हेतु निर्देशित किया। जनदर्शन में आज ग्राम पंचायत चुरेगांव के ग्रामीणों ने सीसी रोड़ और भवन मरम्मत की मांग की। इसी प्रकार ग्राम सिरसी कलार के ग्रामीण ने ग्राम कबेगा एवं गटीपलना के बीच जर्जर हो चुके सड़क के डामरीकरण की मांग की, ग्राम गम्हरी के ग्रामीणों ने अवैध वन अतिक्रमण की शिकायत की, ग्राम चलका निवासी रामधर सोड़ी ने प्राथमिक शाला चलका में शिक्षक की मांग की, ग्राम पंचायत तौरेंगा निवासी फूलोबाई ने महतारी वंदन योजना का लाभ दिलाने की मांग की, ग्राम चुरेगांव निवासी सुखबती ने वन अधिकार पत्र की मांग सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर 30 आवेदन प्राप्त हुए।








