कोण्डागांव से बन्नूराम यादव की रिपोर्ट
कोंडागांव ! कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने आज फ़रसगांव विकासखंड अंतर्गत लंजोड़ा के सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र मिचीपारा और आंगनबाड़ी केंद्र जुगानीकलार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भवनों की व्यवस्थाएं देखी और बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने बच्चों को नियमित पोषण आहार के साथ कुपोषित बच्चों के बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने बच्चों की विभिन्न गतिविधि को देखा और उनकी सराहना की। उन्होंने जुगानी कलार के आंगनबाड़ी केंद्र में साफ सफाई सहित अन्य व्यवस्था की सराहना की और अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों में भी इसी तरह व्यवस्थाएं शुरू करने हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं से चर्चा करते हुए कहा कि सही समय पर स्वास्थ्य परीक्षण की सलाह दी और कहा कि अपने बच्चियों के नाम पर सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खुलवाएं। साथ ही विभिन्न योजनाओं से प्राप्त राशि में से अपने बच्चों के भविष्य के लिए बचत करने हेतु भी प्रेरित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री अविनाश भोई, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अवनी बिस्वाल, सहायक आयुक्त श्री कृपेंद्र तिवारी, जनपद पंचायत सीईओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।








