गरियाबंद से नूतन साहू की रिपोर्ट
गरियाबंद ! जिले के कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने आज गरियाबंद मुख्यालय के समीप ग्राम डोंगरीगांव एवं डाक बंगला स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों को मिलने वाले पोषण, शिक्षा, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की।
कलेक्टर श्री उइके ने केंद्रों में बच्चों की ऊंचाई और वजन की जांच कराकर कुपोषण मुक्ति के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। उन्होंने आंगनबाड़ी सहायिकाओं को निर्देशित किया कि बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक भोजन और नाश्ता मुहैया कराया जाए तथा स्वच्छता और शौचालय उपयोग की आदतें भी विकसित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेडी-टू-ईट फूड की गुणवत्ता देखी और बच्चों को यह समय पर व स्वच्छ तरीके से परोसने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए चार्ट में लगे फलों, सब्जियों और आकृतियों के नाम पूछे और उन्हें चॉकलेट भी वितरित की।
जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अशोक पांडेय ने जानकारी दी कि जिले के 12 आंगनबाड़ी केंद्रों का ‘एक्शन अगेंस्ट हंगर’ संस्था द्वारा जीर्णोद्धार किया गया है, जो फ्रांस की एक अंतरराष्ट्रीय मानवतावादी संस्था है। यह संस्था भूख और कुपोषण से लड़ने हेतु विभिन्न उपायों में सहयोग कर रही है।
कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ-सफाई, रसोई कक्ष, सामग्री भंडार सहित संपूर्ण संचालन व्यवस्था का निरीक्षण किया और पोषण वाटिका स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्रों में कुपोषित बच्चों को भर्ती कराकर उन्हें सामान्य श्रेणी में लाने हेतु गंभीर प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री उइके ने सखी वन स्टॉप सेंटर, किशोर न्याय बोर्ड और बाल कल्याण समिति का भी निरीक्षण किया तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
यह दौरा न केवल व्यवस्थाओं की वास्तविकता जानने की पहल थी, बल्कि जिले में बाल कल्याण, पोषण और महिला सशक्तिकरण को लेकर प्रशासन की गंभीरता और प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है।








