रवि गहने खैरागढ़/जालबांधा, मंगलवार।जालबांधा क्षेत्र के ग्राम करमतरा में मंगलवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के 55 वर्षीय धनसीर साहू ने अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली।
जानकारी के अनुसार, मृतक धनसीर साहू भाटापारा में पंचर दुकान चलाते थे। उनकी दिनचर्या बेहद नियमित थी—सुबह 4 बजे उठकर नहाना, पूजा करना और फिर दुकान खोलना। लेकिन मंगलवार को जब दुकान नहीं खुली, तो परिजनों को चिंता हुई।
धनसीर का पुत्र सबसे पहले दुकान बंद देखकर हैरान हुआ और घर पहुंचकर पिता को ढूँढना शुरू किया। खोजबीन के दौरान जब एक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला, तो शंका गहराई। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, जहां धनसीर साहू गमछे के सहारे फांसी पर झूलते हुए मिले।
पुलिस की कार्यवाही:
घटना की सूचना तुरंत पुलिस चौकी जालबांधा को दी गई। पुलिस मौके पर पहुँची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को नीचे उतारा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए खैरागढ़ भेजा गया।
जांच जारी:
धनसीर साहू हमेशा अपने पास गमछा रखते थे और उसी गमछे से उन्होंने फांसी लगाई। आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव में शोक की लहर:
धनसीर साहू के अचानक इस कदम से परिवार सहित पूरा गांव स्तब्ध है। उनकी सादगीपूर्ण और नियमित जीवनचर्या को देखते हुए लोग हैरान हैं कि आखिर उन्होंने ऐसा कदम क्यों उठाया।
करमतरा के धनसीर साहू ने फांसी लगाकर दी जान, गमछे का सहारा बना मौत का फंदा








