सड़क हादसों में कमी लाने नेशनल हाईवे पर असुरक्षित डिवाइडर कटिंग किए जा रहे बंद
दुर्ग ! सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस दुर्ग ने “ऑपरेशन – सुरक्षा” अभियान के तहत नेशनल हाईवे-53 पर चल रहे सुधार कार्यों में उल्लेखनीय पहल की है। सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने हेतु डिवाइडर के बीच अवैध और असुरक्षित कटिंग को बंद किया जा रहा है।
पूर्व में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इन मुद्दों पर यातायात पुलिस ने गंभीरता से चर्चा की थी, जिसके बाद कुम्हारी से गुरुद्वारा तिराहा तक के मार्ग में बने छोटे व अवैध कटिंग को चरणबद्ध तरीके से बंद करने का कार्य किया गया।
🔸 ताजा कार्रवाई में सुपेला मजार के पास ओवरब्रिज के आगे बनी कटिंग, जहां पहले जाली लगाई गई थी, उसे तोड़ दिया गया था। अब वहां कंक्रीट डिवाइडर बनाकर स्थायी रूप से बंद किया जा रहा है।
🔸 पटेल चौक दुर्ग में भी यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने की दिशा में स्टॉपर से बने लेफ्ट टर्न फ्री को हटाकर डिलिनेटर (बोलार्ड) से नया रास्ता तैयार किया गया है, जिससे दुर्घटना की संभावना में कमी आई है।
यातायात पुलिस दुर्ग का कहना है कि सड़क हादसों को रोकने के लिए केवल चालानी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि सड़क की इंजीनियरिंग त्रुटियों को भी प्राथमिकता से दूर किया जा रहा है। संबंधित विभागों के साथ मिलकर समन्वय स्थापित कर सुधारात्मक कार्य कराए जा रहे हैं।
आमजन की सुरक्षा के लिए यह प्रयास सराहनीय हैं और यह पहल भविष्य में जिले को सड़क हादसों से मुक्त करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगी।








