Buy Advt. Space

आकांक्षी ब्लॉक में गरियाबंद और मैनपुर ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

By

गरियाबंद से नूतन साहू की रिपोर्ट
गरियाबंद ! भारत सरकार के नीति आयोग द्वारा संचालित आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के अंतर्गत गरियाबंद जिले के मैनपुर और गरियाबंद विकासखण्ड ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले को गर्व से गौरवान्वित किया है। मैनपुर विकासखण्ड को गोल्ड मेडल तथा गरियाबंद विकासखण्ड को कांस्य पदक प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि को लेकर गांधी मैदान स्थित मंगल भवन में “संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधायक श्री रोहित साहू एवं अध्यक्ष बिन्द्रानवागढ़ विधायक श्री जनक राम ध्रुव रहे। विशेष रूप से सम्मान समारोह में उन अधिकारियों और कर्मचारियों को पदक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिन्होंने आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत योजनाओं का सफल क्रियान्वयन कर उत्कृष्ट योगदान दिया।

मैनपुर को सभी 6 संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति

कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने जानकारी दी कि जुलाई 2024 से सितंबर 2024 के बीच चलाए गए संपूर्णता अभियान के तहत मैनपुर ने स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक विकास और शिक्षा जैसे सभी छह क्षेत्रों में शत-प्रतिशत संतृप्ति प्राप्त की, जबकि गरियाबंद ने चार प्रमुख संकेतकों में यह लक्ष्य हासिल किया। इस अभूतपूर्व सफलता में जनपद सीईओ मैनपुर सुश्री श्वेता वर्मा और जनपद सीईओ गरियाबंद श्री के.एस. नागेश का प्रमुख योगदान रहा।

आत्मनिर्भरता की दिशा में ठोस कदम

समारोह में स्थानीय स्तर पर तैयार पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी “आकांक्षा हॉट” भी लगाई गई, जहां स्व-सहायता समूह, एफपीओ, कारीगरों और स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्टॉल लगाए गए। अतिथियों ने इन स्टॉलों का अवलोकन कर स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में प्रयासों की सराहना की।

विधायक श्री रोहित साहू का वक्तव्य

विधायक श्री साहू ने कहा,

“प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश के 500 पिछड़े ब्लॉकों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में यह कार्यक्रम मील का पत्थर साबित हो रहा है। गरियाबंद और मैनपुर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में यह सफलता सभी विभागों के समन्वय, प्रतिबद्धता और सतत प्रयासों का परिणाम है।”



विधायक श्री जनक ध्रुव की बधाई

श्री जनक ध्रुव ने कहा,

“यह सफलता दिखाती है कि दुर्गम इलाकों में भी यदि पूरी टीम मेहनत और समर्पण से काम करे, तो असंभव को संभव बनाया जा सकता है। यह सम्मान सिर्फ कर्मचारियों का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जीत है।”



सम्मान समारोह में रही ये प्रमुख उपस्थिति

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप, उपाध्यक्ष श्रीमती लालिमा ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री रिखीराम यादव, उपाध्यक्ष श्री आसिफ मेमन, जनपद अध्यक्ष श्रीमती मोहना नेताम, श्री अनिल चन्द्राकर, जिला पंचायत सीईओ श्री जी.आर. मरकाम, वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Comment