ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशानुसार “उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम” के अंतर्गत जिले सहित पूरे प्रदेश में 22 मार्च 2026 (रविवार) को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान मूल्यांकन महापरीक्षा का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी।
17335 शिक्षार्थियों के शामिल होने का लक्ष्य
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए कोंडागांव जिले में इस महापरीक्षा के लिए 17,335 शिक्षार्थियों को शामिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परीक्षा के लिए जिले के विभिन्न ग्रामों में प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं को परीक्षा केंद्र के रूप में चिन्हित किया गया है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में होगा आयोजन
परीक्षा का आयोजन कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा जनसमस्या शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस महाअभियान परीक्षा में भाग लें।
नवसाक्षरों को मिलेगा अवसर
जिला परियोजना अधिकारी ने जानकारी दी कि इस परीक्षा में 15 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे असाक्षर एवं नवसाक्षर शामिल होंगे, जो किसी कारणवश पूर्व में प्रमाण पत्र प्राप्त नहीं कर सके या जिनकी साक्षरता में अंतराल आ गया है। ऐसे लोगों को पुनः पढ़ना-लिखना एवं दैनिक जीवन में उपयोगी गणितीय ज्ञान सुदृढ़ करने का अवसर दिया जाएगा।
स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका
यह कार्यक्रम पूर्णतः स्वयंसेवी भावना पर आधारित है। इसमें कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को स्वयंसेवक के रूप में जोड़ा जाएगा। शासन द्वारा 10 असाक्षरों को साक्षर बनाने पर 10 अंक बोनस देने का प्रावधान भी किया गया है।
विभिन्न वर्गों की सहभागिता
उल्लास साक्षरता केंद्रों के संचालन में मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारी, स्व-सहायता समूह के सदस्य तथा शिक्षित बेरोजगार नवसाक्षर सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
सफल आयोजन के लिए अपील
कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत एवं जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। साथ ही समस्त स्वयंसेवी शिक्षकों, ग्राम प्रभारियों एवं संबंधितों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास के शिक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल कर इस महाअभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।








