Buy Advt. Space

गरियाबंद में जंगली बिल्ली की खाल सहित दो तस्कर गिरफ्तार

By

पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। जिले की पाण्डुका पुलिस ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को जंगली बिल्ली की खाल सहित गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई, जिसमें जिले के सभी थाना प्रभारियों को वन्यजीवों की अवैध बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के सख्त निर्देश दिए गए थे।

थाना पाण्डुका को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम टोईयामुड़ा मोड़ (NH-130C) के पास दो व्यक्ति जंगली जानवर की खाल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा, जिनके पास एक पुराना रंगीन थैला मिला। तलाशी लेने पर उसमें जंगली बिल्ली की खाल पाई गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश सौरा (35 वर्ष) और राकेश कुमार सौरा (22 वर्ष), दोनों निवासी लखौली थाना आरंग जिला रायपुर के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी खाल की वैधता के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की धारा 9, 39, 44, 51, 52 के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

यह कार्रवाई पुलिस की सतर्कता और मजबूत सूचना तंत्र का परिणाम है, जिससे वन्यजीव तस्करी पर लगाम लगाने में सफलता मिली है।

Leave a Comment