पितेश्वर हरपाल गरियाबंद (छत्तीसगढ़): देवभोग क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा टिकरापारा नाला के पास उस समय हुआ जब तीनों युवक बाइक से अपने गांव खुटगांव लौट रहे थे। रास्ते में सड़क पर रखे धान के ढेर से बचने की कोशिश में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
घायलों की पहचान बसीर मोहम्मद (18 वर्ष), विकास साव (24 वर्ष) और सोहन नायक (21 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों को देवभोग अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बसीर मोहम्मद और विकास साव की हालत को गंभीर बताया और दोनों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया।
बसीर मोहम्मद के चेहरे और मुंह का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि विकास साव को गले और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। तीसरा युवक, सोहन नायक, सिर और पैर में चोट लगने के कारण देवभोग अस्पताल में भर्ती है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़कों पर धान रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसानों की यह लापरवाही किसी की जान के लिए घातक साबित हो सकती है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
धान के ढेर से बचते बाइक सवार तीन युवक गंभीर घायल








