सूरजपुर । छत्तीसगढ़ गरियाबंद के बाद अब सूरजपुर जिले से वन विभाग के फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में अश्लील डांस का वीडियो सामने आया है, जिसने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में लड़कियां अश्लील गानों पर नाचती दिखाई दे रही हैं, जबकि मौजूद लोग उन पर पैसे लुटाते और शराब पीते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो रामानुजनगर ब्लॉक स्थित कुमेली फॉरेस्ट रेस्ट हाउस का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार यह रेस्ट हाउस पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन आरोप है कि यहां शराबखोरी, जुआ और इस तरह के कार्यक्रम होते रहे हैं। वायरल वीडियो 1–2 साल पुराना बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम एक जनपद सदस्य द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि और कुछ शासकीय कर्मचारी भी मौजूद थे।
मामले के सामने आने के बाद सूरजपुर के डीएफओ दुलेश्वर साहू ने जांच के आदेश दिए हैं। एसडीओ फॉरेस्ट अशोक तिवारी के नेतृत्व में जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर चौकीदार, सरपंच और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। चौकीदार ने आरोप लगाया कि तत्कालीन रेंजर नेताओं को सीधे रेस्ट हाउस की चाबी दे देते थे।
फिलहाल वन विभाग की जांच जारी है और दोषियों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
सूरजपुर फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में अश्लील डांस वीडियो वायरल, DFO ने जांच के आदेश








