सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के Surajpur जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। खड़गवां इलाके में तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी महिलाओं को जोरदार टक्कर मार दी।
मिली जानकारी के अनुसार, चंद्रपुर निवासी एक व्यक्ति अपनी पत्नी और एक अन्य महिला के साथ स्कूटी से अंबिकापुर की ओर जा रहा था। रास्ते में खड़गवां के पास वह सामान लेने के लिए रुका, जबकि दोनों महिलाएं सड़क किनारे खड़ी होकर बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने नियंत्रण खो दिया और सीधे महिलाओं को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों महिलाएं दूर जा गिरीं और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कार को जब्त कर लिया है। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर और यातायात नियंत्रण बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।
तेज रफ्तार कार का कहर: सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं की दर्दनाक मौत








