ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। इस बैठक में जिले के सभी पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, थाना प्रभारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
लंबित मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि पुराने प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही लंबित समंस और वारंट की शत-प्रतिशत तामिली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
शिकायतों का संवेदनशीलता से निराकरण
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। फरियादियों के साथ मित्रवत व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
विजिबल पुलिसिंग और कड़ी निगरानी
असामाजिक तत्वों और अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सीमावर्ती क्षेत्रों में स्थापित चेक पोस्ट के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा विजिबल पुलिसिंग को बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग बढ़ाने के आदेश
बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर रोक लगाने के लिए मॉनिटरिंग बढ़ाने और किसी भी भ्रामक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सामुदायिक पुलिसिंग और जागरूकता अभियान
पुलिस और जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के लिए गांवों में चलित थाना लगाने और सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने की बात कही गई। इसके तहत सायबर क्राइम, एटीएम और बैंक फ्रॉड तथा यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी हुए सम्मानित
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘कॉप ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसमें निरीक्षक सौरभ उपाध्याय (थाना प्रभारी कोंडागांव), प्रधान आरक्षक भावेश मंडावी, सहायक उप निरीक्षक सरोज प्रर्मिला और प्रधान आरक्षक लुमेश कुलदीप को सम्मानित किया गया।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
क्राइम मीटिंग में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक , समस्त राजपत्रित अधिकारी तथा जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।








