Buy Advt. Space

राज्योत्सव तैयारी और धान खरीदी समीक्षा, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

By

ब्यूरो नूतन साहू गरियाबंद। कलेक्टर बी.एस. उइके की अध्यक्षता में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई, जिसमें राज्योत्सव, धान खरीदी और मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारियों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए विभागीय दायित्वों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। राज्योत्सव के अवसर पर जिले की उपलब्धियों को दर्शाने के लिए विभिन्न विभागों — कृषि, उद्यानिकी, पशु चिकित्सा, उद्योग, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, खाद्य और शिक्षा विभाग — को स्टॉल लगाकर योजनाओं का प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए।


कलेक्टर ने बताया कि 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। इस हेतु सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, चेकपोस्ट बनाकर अवैध परिवहन पर रोक लगाने और एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसानों के पंजीयन शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए कहा कि पात्र मतदाता छूटे नहीं और अपात्र नाम सूची में शामिल न हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही, पीएम सूर्यघर योजना, लंबित आवास और विद्यार्थियों के आपार आईडी निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Leave a Comment