राजनांदगांव। जिले में अपहरण और दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामलों में सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बच्चियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के अनुसार 9 मार्च और 11 मार्च 2026 को परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग बेटियों को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक Ankita Sharma के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक Kirtan Rathore और नगर पुलिस अधीक्षक Alexander Kiron के मार्गदर्शन में टीम ने पतासाजी करते हुए दोनों बच्चियों को आरोपियों के कब्जे से बरामद कर लिया।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोनू बांसफोड़ (19) निवासी लखोली और साहिल मंडावी (20) निवासी ग्राम भोथली के रूप में हुई है।
पीड़ित बच्चियों के मेडिकल परीक्षण के बाद दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4(1) जोड़ दी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेज दिया गया है।
दो नाबालिग बच्चियों के अपहरण व दुष्कर्म मामले में दो आरोपी गिरफ्तार








