Buy Advt. Space

मासूम बच्ची मामले में लापरवाही: महिला थाना प्रभारी और आरक्षक निलंबित, दो युवक सम्मानित

By

राजनांदगांव। शहर के बाजार क्षेत्र में पिता से बिछड़ी डेढ़ साल की मासूम बच्ची के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक Ankita Sharma ने सख्त कार्रवाई की है। महिला थाना प्रभारी गीतांजलि सिंह और कोतवाली थाना के आरक्षक चंद्रेश सिन्हा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार शहर के मार्केट क्षेत्र में एक व्यक्ति अपनी डेढ़ वर्षीय बच्ची के साथ पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह नशे की हालत में था और इसी दौरान बच्ची उससे बिछड़ गई। बच्ची सड़क किनारे रोती हुई मिली।

उसी समय दो युवकों की नजर रोती हुई बच्ची पर पड़ी। उन्होंने मानवता का परिचय देते हुए बच्ची को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का प्रयास किया और सबसे पहले महिला थाने पहुंचे। आरोप है कि वहां मौजूद महिला थाना प्रभारी ने तत्काल मदद करने के बजाय युवकों को डायल 112 या चाइल्ड हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी।

इसके बाद युवक बच्ची को लेकर कोतवाली थाना पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद आरक्षक ने भी उनकी मदद नहीं की। आखिरकार युवकों ने चीखली पुलिस चौकी के एक आरक्षक की सहायता से चाइल्ड हेल्पलाइन से संपर्क किया। इसके बाद बच्ची को संपर्क गृह भेजा गया और बाद में पुलिस ने उसे उसके परिजनों से मिलवा दिया।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए महिला थाना प्रभारी और आरक्षक को निलंबित कर दिया। दोनों को बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने और नियमित हाजिरी देने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं बच्ची को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने और उसे परिजनों से मिलाने में मदद करने वाले दोनों युवकों के मानवीय कार्य की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया।

इस घटना के बाद पुलिस विभाग में फेरबदल भी किया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम का तबादला कर उन्हें बागनदी थाना भेजा गया है, जबकि बागनदी थाना प्रभारी मिलन सिंह को कोतवाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Leave a Comment