Buy Advt. Space

रायपुर में युवक की हत्या का खुलासा, दोस्त ही निकला कातिल गिरफ्तार

By

रायपुर। राजधानी रायपुर के फाफाडीह क्षेत्र में रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पीछे नाले के पास मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की हत्या उसके ही दोस्त ने की थी। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 5 मार्च की सुबह करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी, फाफाडीह के पीछे नाले के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मध्य जोन डीसीपी, एडिशनल डीसीपी, कोतवाली एसीपी, थाना गंज पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए पंचनामा व साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की।

जांच के दौरान मृतक की पहचान राजा साहू (25) निवासी चुनाभट्ठी, थाना गंज क्षेत्र के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे किसी परिचित युवक के साथ घर से निकला था।

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चुनाभट्ठी निवासी बिट्टू यादव (19) मृतक के साथ जाते हुए और घटनास्थल के पास मौजूद दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह और राजा साहू अक्सर साथ घूमते थे। कुछ दिन पहले उसकी गाड़ी में हुई टूट-फूट का पैसा वह राजा से मांग रहा था। पैसे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और गुस्से में आकर उसने राजा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अलग-अलग टीम बनाकर आरोपी की तलाश की और मात्र 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Comment