

सरगुजा। जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शादी का दबाव डालने पर एक नाबालिग प्रेमी ने अपनी 16 वर्षीय प्रेमिका की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को जंगल में गड्ढा खोदकर दफना दिया। चार महीने बाद लड़की का कंकाल और उसका बैग बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग प्रेमी को हिरासत में ले लिया है।
चार महीने बाद मिला कंकाल
मामला सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र का है। मृतका संगीता रजक (16) सूरजपुर जिले के रमकोला थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। वह अंबिकापुर के पटपरिया इलाके में अपनी सहेलियों के साथ रहकर काम करती थी।
4 अगस्त 2025 को वह अपने किराए के कमरे से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। जब काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चला, तो सहेलियों ने परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने गांधीनगर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रेमी ने कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि संगीता उस पर शादी का दबाव डाल रही थी। दोनों अलग-अलग जाति के थे, जिससे वह तनाव में था।
3 अगस्त को आरोपी बाइक लेकर अंबिकापुर पहुंचा और संगीता को घूमने के बहाने जंगल ले गया। वहां उसने पत्थर से वार कर हत्या कर दी और शव को गड्ढे में दबाकर ऊपर से पत्थर डाल दिए।
फॉरेंसिक जांच जारी, इलाके में सनसनी

पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्य फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। शव की प्राथमिक पहचान हो चुकी है और डीएनए रिपोर्ट से अंतिम पुष्टि की जाएगी। इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।








