Buy Advt. Space

पोंड पंचायत में छह माह से अवैध रेत डंपिंग का खुलासा

By


पितेश्वर हरपाल गरियाबंद । जिले के ग्राम पंचायत पोंड में पिछले लगभग छह महीनों से अवैध रेत डंपिंग और चोरी का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। प्रधानमंत्री आवास में रेत उपयोग के नाम पर कुकदा ग्राम पंचायत के स्वीकृत रेत घाट से ट्रैक्टरों द्वारा रेत लाकर पोंड में डंप किया जाता है, जिसके बाद जेसीबी से हाईवा में भरकर उसे रायपुर में ऊंची कीमत पर बेचा जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, यह पूरा रेत डंपिंग और परिवहन का काम पोंड गांव के अंतिम छोर, कुकदा पिकअप वियर मार्ग के पास स्थित निजी जमीन में किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस अवैध काम में पोंड गांव के कुछ लोगों की मिलीभगत है। साथ ही यह भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या जिला खनिज विभाग और राजस्व विभाग की अनदेखी या सांठगांठ से यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है?

सूत्रों की मानें तो ग्राम पंचायत कुकदा में रेत की स्थानीय स्तर पर नीलामी हुई है, जहां केवल ट्रैक्टर से रेत ढुलाई का नियम है। लेकिन पोंड में डंप की जा रही रेत रोजाना कई हाईवा वाहनों से रायपुर भेजी जा रही है, जो स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर रेत की चोरी कर अवैध रेत माफिया मालामाल हो रहे हैं, जबकि शासन को भारी राजस्व हानि हो रही है।

जब इस मामले में जिला खनिज अधिकारी रोहित साहू से जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि पोंड में जिस स्थान पर रेत डंप की जा रही है, वह स्वीकृत रेत डंपिंग स्थल नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि वहां रेत संग्रह कर अवैध रूप से बेची जा रही है तो मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment