ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। थाना धनोरा पुलिस ने जुआरियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बाड़ागांव मेला मड़ई में कार्रवाई करते हुए खुड खुड़िया खेलाते एक आरोपी को गिरफ़्तार किया है। पुलिस ने मौके से जुआ सामग्री एवं नगदी बरामद की है।
सूचना पर त्वरित दबिश
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी केशकाल श्री अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक भुनेश्वर नाग के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई। पुलिस को 25 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम पंचायत बाड़ागांव के मड़ई मेला में कुछ व्यक्ति खुड खुड़िया नामक जुआ खिला रहे हैं।
घेराबंदी कर पकड़ा आरोपी
मुखबिर के बताए स्थान पर पहुंचकर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान जुआ खिलाते हुए आरोपी अस्सी राम गोटा (उम्र 19 वर्ष), निवासी वर्तानार, थाना आमाबेड़ा, जिला कांकेर को पकड़ लिया गया। वहीं, कुछ अन्य जुआरी पुलिस को देखकर भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए।
जुआ सामग्री और नगदी बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एक छोटा प्लास्टिक बाल्टी, लकड़ी से बनी गोटी, 1 से 6 अंक अंकित पोस्टर तथा नगदी राशि 1210 रुपये बरामद कर जप्त किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विधिवत जप्ती और गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई।
कानूनी कार्रवाई
आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 के तहत अपराध कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में प्रमुख योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक भुनेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक प्रदीप साहू तथा आरक्षक संतोष एक्का, विजय मरकाम एवं जागेश्वर दीवान का विशेष योगदान रहा।








