दुर्ग। छात्र हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने दुर्ग कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव आदित्य नारंग के निर्देश पर सौंपा गया, जिसमें जिले के विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में छात्रों को हो रही समस्याओं से अवगत कराया गया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से शासकीय कन्या महाविद्यालय दुर्ग में गर्ल्स हॉस्टल को व्यवस्थित तरीके से शुरू करने, पॉलिटेक्निक कॉलेज के हॉस्टल में मेस की सुविधा उपलब्ध कराने तथा दुर्ग विश्वविद्यालय परिसर में शौचालय की व्यवस्था करने की मांग की गई। छात्र नेताओं ने बताया कि दुर्ग विश्वविद्यालय के अंतर्गत सात जिलों के छात्र-छात्राएं अपनी समस्याओं के समाधान के लिए यहां आते हैं, लेकिन शौचालय की सुविधा नहीं होने से उन्हें काफी परेशानी होती है।
इसके अलावा दुर्ग शहर में लोक निर्माण विभाग के एकमात्र ऑडिटोरियम के अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने, शासकीय संगीत महाविद्यालय को साइंस कॉलेज की बिल्डिंग से किसी अन्य शासकीय भवन में स्थानांतरित करने तथा साइंस कॉलेज दुर्ग के आजाद हॉस्टल में पानी की समस्या के समाधान के लिए बोरवेल की व्यवस्था करने की मांग भी रखी गई।
कलेक्टर ने छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान छात्र नेता चैतन्य बंछोर, पीयूष सिन्हा, मृदुल सिंह, नारायण तिवारी, रिया दत्ता सहित एनएसयूआई के अन्य सदस्य मौजूद रहे।









