पितेश्वर हरपाल नवापारा से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां 8 वर्षीय बच्ची अरहमा खान की करंट लगने से मौत हो गई।

दम्मानी कॉलोनी में रहने वाली अरहमा अपने घर की छत पर खेल रही थी, तभी वह छत के पास से गुजर रही 33 केवी बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। बिजली का तेज झटका लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गई। परिजन तत्काल उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
परिजनों ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। बताया कि तार हटाने के लिए विभाग के कर्मचारी 25 हजार रुपये मांग रहे थे। गुस्साए लोगों ने बिजली विभाग के सामने सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली लाइनें घरों के बेहद नजदीक से गुजर रही हैं, जिसकी शिकायतें कई बार की गईं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि बिजली लाइन हटाने का प्रस्ताव भेजा गया है और पीड़ित परिवार को सहायता दी जाएगी। मासूम की मौत से पूरे इलाके में मातम छा गया है।








