रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात तेज रफ्तार लग्जरी कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह घटना वीआईपी रोड से तेलीबांधा शेर चौक के पास की बताई जा रही है, जहां सामने से आ रहे ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार अजय शंकर पांडे उर्फ अज्जू पांडे अपनी लग्जरी अल्काज़ार कार से वीआईपी रोड की ओर से तेलीबांधा की तरफ आ रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार काफी तेज रफ्तार में थी और चालक ने सामने से आ रहे ट्रक को समय रहते नहीं देखा, जिसके चलते दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हो गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से आगे बढ़ने लगा। उसी दौरान तेलीबांधा थाना की पेट्रोलिंग टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे रोककर चालक को हिरासत में ले लिया।
बताया जा रहा है कि पेट्रोलिंग में तैनात प्रधान आरक्षक तरुण यादव, आरक्षक संजय चंद्रवंशी और वाहन चालक मन्नू ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार हादसे के समय अज्जू पांडे के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
बताया जा रहा है कि अजय शंकर पांडे उर्फ अज्जू पांडे का नाम पहले भी विवादों में आ चुका है। कुछ दिन पहले वीआईपी रोड के एक क्लब में हुई मारपीट की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।
नशा माफिया के गुर्गे की तेज रफ्तार कार ट्रक से भिड़ी, रायपुर में हादसा








