ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जिले के थाना अनंतपुर क्षेत्र अंतर्गत दूरस्थ ग्राम बड़े सोंहगा में पुलिस द्वारा चलित थाना का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना गया और उनके निराकरण के प्रयास किए गए। यह पहल पुलिस प्रशासन द्वारा जनसंपर्क और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चंद्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री रूपेश कुमार के पर्यवेक्षण में किया गया। थाना प्रभारी श्री गोपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
ग्रामीणों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
चलित थाना के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, यातायात नियमों, नशा मुक्ति अभियान, साइबर जागरूकता अभियान, महिला एवं बाल अपराध, अभिव्यक्ति ऐप तथा नए कानूनों के प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही शासन द्वारा मिलने वाली मुआवजा एवं राहत राशि की प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया।
जनसमस्याओं का मौके पर निराकरण
शिविर में विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया गया। इस पहल से ग्रामीणों में संतोष और पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती जुगबती पोयम, जनपद उपाध्यक्ष श्री बैसाखु कोर्राम, ग्राम सरपंच श्री कपुर चंद बघेल, उप सरपंच, पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।








