पितेश्वर हरपाल गरियाबंद। आदिवासी विकासखण्ड मैनपुर से सोमवार सुबह विशेष पिछड़ी जनजाति कमार समाज के सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी मांगों को लेकर राजधानी रायपुर तक पदयात्रा की शुरुआत की। इस पदयात्रा का नेतृत्व कमार समाज के अध्यक्ष बनसिंह सोरी कर रहे हैं।
नारेबाजी करते हुए निकले सैकड़ों ग्रामीण
कमार समाज के लोग बैनर और तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए रायपुर की ओर रवाना हुए। समाज के सदस्यों ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर स्थानीय और जिला प्रशासन को आवेदन दे रहे हैं, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं मिला।
राज्यपाल को सौंपेंगे ज्ञापन
कमार समाज के अध्यक्ष बनसिंह सोरी ने कहा —
> “हम अपनी मांगों को लेकर कई बार प्रशासन से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई, तो अब पदयात्रा ही एकमात्र विकल्प बचा है। रायपुर पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेंगे और समाज की समस्याओं से अवगत कराएंगे।”
सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती
पदयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन की टीम लगातार पदयात्रा पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
मुख्य मांगें
कमार जनजाति को शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास सुविधा में प्राथमिकता दी जाए।
रोजगार और वनाधिकार के मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई हो।
समाज के युवाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएं।








