कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर जा रही एक निजी अस्पताल की नर्स पर बाइक सवार बदमाशों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। यह घटना शहर के वीआईपी इलाके, मंत्री बंगला मार्ग के पास हुई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता रोज की तरह सुबह करीब 10:30 बजे अपने घर से निहारिका स्थित लैब के लिए पैदल जा रही थी। इसी दौरान पंप हाउस डी बंगला रोड के पास पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि चाकू युवती की पीठ में ही फंसा रह गया।
घटना के बाद युवती लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़ी। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े वीआईपी इलाके में हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और कामकाजी महिलाओं में इस घटना को लेकर भय का माहौल है।
कोरबा में नर्स पर दिनदहाड़े चाकू हमला, बाइक सवार बदमाश फरार








