ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। कोंडागांव पुलिस ने प्रतिबंधित रोलिंग पेपर और स्मोकिंग कोन बेचने वाले एक दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 69 नग गोगो रोलिंग पेपर बरामद किए हैं।
कलेक्टर के आदेश के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, कोंडागांव के कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा 2 मार्च 2026 को जारी आदेश के तहत रोलिंग पेपर, गोगो स्मोकिंग कोन और परफेक्ट रोल की बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसी आदेश के पालन में पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देश पर जिले में प्रतिबंधित सामग्रियों की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रूपेश कुमार के पर्यवेक्षण में अवैध बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
मुखबिर की सूचना पर की गई दबिश
इसी अभियान के तहत 12 मार्च 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बनियागांव में एक व्यक्ति प्रतिबंधित रोलिंग पेपर बेच रहा है। सूचना के आधार पर थाना कोंडागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ग्राम बनियागांव में दबिश दी।
दुकान से मिले 69 पैकेट प्रतिबंधित पेपर
पुलिस टीम ने केशव राम मरकाम (47 वर्ष) निवासी बनियागांव के किराना एवं चाय दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से अलग-अलग ब्रांड के कुल 69 पैकेट गोगो रोलिंग पेपर बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत लगभग 1440 रुपये बताई गई है।
जब्त सामग्री में कैप्टन गोगो, गोगो और अन्य पैकेट शामिल हैं, जिन्हें प्रतिबंधित होने के बावजूद बेचा जा रहा था।
आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी केशव राम मरकाम के खिलाफ धारा 223 (ख) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस टीम का रहा विशेष योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय, उप निरीक्षक राजकुमार कोमरा, प्रधान आरक्षक रोहित कोमरा, आरक्षक वेदराम चंदेल, महिला आरक्षक सोना मरकाम तथा साइबर सेल के अजय बघेल, संतोष कोडोपी और अजय देवांगन का विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने बताया कि जिले में प्रतिबंधित नशे से संबंधित सामग्री की बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








