ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के अंतर्गत प्रदेशभर के लाखों हितग्राहियों को आर्थिक सहायता राशि अंतरित की। इस योजना के तहत कोण्डागांव जिले के 7673 हितग्राहियों के खातों में 7 करोड़ 67 लाख 30 हजार रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की गई।
प्रदेशभर में करोड़ों की राशि का अंतरण
मुख्यमंत्री श्री साय ने बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 4.95 लाख से अधिक पात्र परिवारों के लिए कुल 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये की राशि जारी की। इस दौरान उन्होंने वर्चुअल माध्यम से कोण्डागांव जिले के हितग्राही कन्हैयालाल कौशिक से संवाद कर योजना के लाभ की जानकारी भी ली।
जिला स्तर पर हुआ कार्यक्रम आयोजन
जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेण्डी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
आर्थिक मजबूती की दिशा में अहम पहल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि यह योजना भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए राहत प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण पहल है। इससे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा, जिससे वे अपने बच्चों की शिक्षा, पालन-पोषण और दैनिक जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर सकेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने योजना की सराहना की
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेण्डी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र ठाकुर एवं जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी योजना को श्रमिकों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
योजना का उद्देश्य और लाभ
उल्लेखनीय है कि दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का उद्देश्य राज्य के भूमिहीन कृषि श्रमिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके तहत पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 10 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें आर्थिक सुरक्षा और स्थिरता मिल सके।








