ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। सभी विभागीय अधिकारियों को जमीनी स्तर पर बेहतर क्रियान्वयन के लिए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
कलेक्टर ने राजस्व से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान देते हुए जाति प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने को कहा। साथ ही जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर विशेष फोकस
जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए कलेक्टर ने स्वास्थ्यकर्मियों को मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों में स्वच्छता, आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता, नियमित निरीक्षण, टीकाकरण, आभा आईडी निर्माण तथा एनआरसी एवं एसएनसीयू के बेहतर संचालन पर जोर दिया।
शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रधानमंत्री योजनाओं की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना तथा जल जीवन मिशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए।








