ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । जनगणना कार्य के प्रथम चरण की तैयारियों के तहत रविवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में अधिकारियों और कर्मचारियों को मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
मास्टर ट्रेनर ने दी चरणबद्ध जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना निदेशालय रायपुर के मास्टर ट्रेनर हिरेन्द्र कुमार सिन्हा ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना कार्य के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने मकान सूचीकरण, भवनों की पहचान और जनगणना मकानों के क्रमांकन की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया।
प्रोजेक्टर के माध्यम से दिया गया प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से पीपीटी प्रस्तुतीकरण कर प्रशिक्षण दिया गया। इसमें मकान सूचीकरण ब्लॉक में स्थित प्रत्येक भवन की पहचान, फील्ड में डाटा संकलन तथा एचएलओ मोबाइल एप के माध्यम से डाटा प्रविष्टि की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
डिजिटल माध्यम से होगा डाटा संकलन
प्रशिक्षण में सीएमएमएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन डाटा एंट्री और तकनीकी पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही चार्ज अधिकारियों के दायित्वों के बारे में जानकारी देते हुए प्रशिक्षणार्थियों के प्रश्नों और शंकाओं का समाधान भी किया गया।
अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश
बैठक के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को जनगणना कार्य के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए गंभीरता से प्रशिक्षण प्राप्त करने और अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम अश्वन पुसाम, डिप्टी कलेक्टर रश्मि पोया, वेणु गोपाल राव सहित जिले के सभी तहसीलदार, सीएमओ और जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
01 मई से शुरू होगा मकान सूचीकरण कार्य
उल्लेखनीय है कि जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य 01 मई से 30 मई तक किया जाएगा। इस दौरान डाटा संकलन पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा।








