Buy Advt. Space

नवरात्र में कोंडागांव बस स्टैंड पर पोस्टर विवाद, धार्मिक भावनाएं आहत

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर कोंडागांव के नए बस स्टैंड में सामने आई एक लापरवाही ने धार्मिक भावनाओं को आहत कर दिया। बस स्टैंड परिसर में शौचालय के गेट के पास, डस्टबिन के समीप देवी-देवताओं के साथ प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरों वाले पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई।

शौचालय के पास लगे आपत्तिजनक पोस्टर

जानकारी के अनुसार, नए बस स्टैंड में प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों की आवाजाही होती है। ऐसे सार्वजनिक स्थल पर शौचालय के पास देवी-देवताओं के पोस्टर लगाए जाने को लोगों ने आस्था के साथ खिलवाड़ बताया है। इस दृश्य को देखकर कई लोगों ने आपत्ति जताई।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब एक जागरूक महिला ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन हरकत में आया।

प्रशासन ने हटाए पोस्टर

वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शौचालय के पास लगे पोस्टरों को हटवा दिया। हालांकि, इस घटना ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज

घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं। कोंडागांव कांग्रेस के शहर अध्यक्ष नरेंद्र देवांगन मौके का निरीक्षण करने बस स्टैंड पहुंचे, लेकिन तब तक पोस्टर हटाए जा चुके थे। उन्होंने इसे बेहद निंदनीय बताते हुए धार्मिक भावनाओं का अपमान करार दिया।

कार्रवाई की मांग

नरेंद्र देवांगन ने कहा कि भले ही पोस्टर हटा दिए गए हों, लेकिन घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है, जो लापरवाही को उजागर करता है। कांग्रेस पार्टी ने इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Leave a Comment