Buy Advt. Space

कोंडागांव ब्राह्मण समाज का होली मिलन, नासा मिशन सदस्य नित्या पांडे शामिल

By

ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोंडागांव । ब्राह्मण समाज महिला प्रकोष्ठ कोंडागांव द्वारा आयोजित होली मिलन उत्सव हर्षोल्लास और सामाजिक समरसता के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती शांति बाजपेई ने की। इस दौरान समाज के लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

भक्ति और उत्साह के साथ हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ से हुई। इसके बाद श्रीकृष्ण भजनों और रंग-गुलाल के बीच पूरा माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा। समाज के सभी सदस्यों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक-दूसरे के साथ होली का आनंद साझा किया।

हजारों किलोमीटर दूर से अपने शहर पहुंची बस्तर की बेटी

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण समाज की गौरव नित्या पांडे रहीं, जो विशेष रूप से इस आयोजन में शामिल होने के लिए पहुंचीं। कोंडागांव के ग्राम कछोरा की रहने वाली नित्या पांडे वर्तमान में लैटिन अमेरिका के देश चिली में पीएचडी के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत हैं और नासा के प्लेनेटरी मिशन से भी जुड़ी हुई हैं।

संघर्ष से सफलता तक की प्रेरक कहानी

नित्या पांडे ने बच्चों के लिए आयोजित मार्गदर्शन सत्र में अपने जीवन का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि बचपन में वे सरस्वती शिशु मंदिर बनियागांव में पढ़ाई के लिए प्रतिदिन करीब 8 किलोमीटर का सफर तय करती थीं। उन्होंने अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला को अपना रोल मॉडल बताया और अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया।

दुनिया के कई देशों में कर चुकी हैं शोध कार्य

नित्या पांडे ने बताया कि उन्होंने अपने शोध कार्य के दौरान फ्रांस, जर्मनी, आयरलैंड, ब्रिटेन, न्यूयॉर्क, कैलिफोर्निया सहित अंटार्कटिका ऑब्जर्वेटरी में भी काम किया है। वे वर्तमान में नासा के प्लेनेटरी मिशन के साथ-साथ एग्जोग्रेविटी सहित अन्य वैज्ञानिक प्रोजेक्ट्स पर भी कार्य कर रही हैं। उनकी पढ़ाई का पूरा खर्च विभिन्न अंतरराष्ट्रीय फेलोशिप के माध्यम से वहन किया जा रहा है।

बच्चों ने पूछे सवाल, नित्या ने दिया सफलता का मंत्र

मार्गदर्शन सत्र के दौरान बच्चों ने उनसे कई सवाल पूछे, जिनका उन्होंने उत्साहपूर्वक जवाब दिया। नासा से जुड़ी वैज्ञानिक को अपने बीच पाकर समाज के बच्चे काफी उत्साहित नजर आए और उनसे प्रेरणा लेने की बात कही।

सहयोगियों के प्रति जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष ने आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि ब्राह्मण समाज कोंडागांव के अध्यक्ष सुरेंद्र मिश्रा, सचिव पवन झा, सलाहकार गोपाल दीक्षित और किशोर शर्मा सहित वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन और सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Comment