कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर खण्डेलवाल युवा मंच, दुर्ग द्वारा शिवनाथ नदी तट (गुरुद्वारा के सामने) भव्य दीप दान एवं गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। सैकड़ों दीप प्रवाहित किए जाने से संपूर्ण घाट दीपों की जगमगाहट से आलोकित हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ गंगा महाआरती से हुआ, जिसके पश्चात आतिशबाज़ी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया।
कार्यक्रम के संचालन और आयोजन में युवा वर्ग की विशेष भूमिका रही। खण्डेलवाल युवा मंच के अध्यक्ष विनय खण्डेलवाल ने बताया कि इस आयोजन की संपूर्ण रूपरेखा अरविंद खण्डेलवाल द्वारा तैयार की गई थी, जिसके अनुरूप युवा टीम ने पूरी निष्ठा से तैयारी कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
इस अवसर पर अर्चिता, धनिष्ठा, हिमांशी, स्मृति, खुशी, रौनक, नमन, निखिल, अंकित, नवीन खण्डेलवाल सहित मंच के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
विनय खण्डेलवाल ने कहा कि दीपदान का उद्देश्य समाज में प्रकाश, सकारात्मकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश देना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक दीप में लोगों की सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना समाहित थी।
यह आयोजन समाज के युवाओं में एकता, सेवा भावना और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रेरक उदाहरण बना।
शिवनाथ तट पर खण्डेलवाल युवा मंच का भव्य दीपदान और गंगा आरती








