Buy Advt. Space

हत्या के मामले में 12 घंटे के भीतर 6 आरोपी गिरफ्तार, 2 बालक अभिरक्षा में

By

ब्यूरो चीफ: रवि गहने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (छत्तीसगढ़)खैरागढ़। जिला केसीजी पुलिस ने हत्या के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना खैरागढ़ में दर्ज मर्ग क्रमांक 29/2026 धारा 194 बीएनएस की जांच के दौरान सामने आया कि मृतक तुलाराम पटेल (45 वर्ष), निवासी किल्लापारा वार्ड नं. 11 खैरागढ़, बिल्डिंग ठेकेदारी का कार्य करता था। उसके साथ ग्राम गाडाडीह की एक महिला मजदूर के रूप में काम करती थी, जिसे वह कभी-कभी मोटरसाइकिल से उसके घर छोड़ने जाता था।

दिनांक 8 मार्च 2026 की शाम को भी तुलाराम पटेल महिला को छोड़ने ग्राम गाडाडीह गया था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने अवैध संबंध के शक में उसे रोक लिया और “तुम यहां क्यों आते हो, गांव को बिगाड़ रहे हो” कहते हुए हाथ, मुक्का और लात से मारपीट कर दी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल तुलाराम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 107/2026 धारा 103(2), 190, 191(1), 191(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी:

  1. कीर्तन यादव उर्फ मुन्ना (35 वर्ष)
  2. समय यादव (45 वर्ष)
  3. आशीष यादव उर्फ बोदू (42 वर्ष)
  4. रूपलाल वर्मा (26 वर्ष)
  5. पल्टन वर्मा (60 वर्ष)
  6. पवन वर्मा (35 वर्ष)

इसके अलावा घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। सभी आरोपी ग्राम गाडाडीह, थाना खैरागढ़, जिला केसीजी (छत्तीसगढ़) के निवासी हैं।

मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Leave a Comment