ब्यूरो चीफ बन्नूराम यादव कोण्डागांव । प्रदेश के वन मंत्री ने कोंडागांव विकासखंड के ग्राम बेतबेड़ा में 83 लाख 50 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत 14 विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा क्षेत्र के समग्र विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इन विकास कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन सहित अन्य सुविधाओं में काफी सहूलियत मिलेगी।
महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
वन मंत्री ने के पूर्व महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत में प्राचीन काल से महिलाओं को सम्मान देने की समृद्ध परंपरा रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश की महिलाएं सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं।
ग्रामीण आजीविका योजनाओं की दी जानकारी
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के तहत गांवों में आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, 125 दिनों तक रोजगार उपलब्ध होगा तथा मजदूरी का भुगतान 15 दिनों के भीतर किया जाएगा। साथ ही बेरोजगारी भत्ता का भी प्रावधान रखा गया है।
परंपरागत खेती और वनोपज को बढ़ावा
वन मंत्री ने परंपरागत और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि आज पारंपरिक अनाज और वनोपज की मांग देश-विदेश में तेजी से बढ़ रही है। इससे किसानों और ग्रामीणों को बेहतर आर्थिक अवसर मिल रहे हैं।
इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन
भूमिपूजन किए गए कार्यों में विभिन्न ग्राम पंचायतों में सांस्कृतिक मंच, सामुदायिक भवन तथा कई स्थानों पर पुलिया निर्माण के कार्य शामिल हैं। इनमें मुंगवाल, चमई, मड़ागांव, बेतबेड़ा, बोरगांव, बोटीकनेरा, मड़ानार, हथकली, तुमड़ीवाल, कुधूर, मटवाल, बड़े कुरूषनार, मूलनार और नवागांव पंचायतों के विकास कार्य शामिल हैं।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर एसडीएम श्री अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








